पृथ्वी शॉ के तिहरे शतक ने तोड़े, दिग्गजों के रिकॉर्ड

0
1776

वो स्टार बल्लेबाज़ जो अपनी शानदार फॉर्म में चलने के बाद भी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं है। जी हाँ महज़ 23 साल के पृथ्वी शॉ ने मुंबई की तरफ से खेलते हुए असम के खिलाफ तिहरा शतक जड़कर आलोचकों को करारा जवाब दिया है। शॉ तिहरा शतक जड़ने के बाद अपनी ताबड़तोड़ पारी से 400 रन का आंकड़ा छूते छूते ही रह गए। आइये जानते हैं क्या था पूरा मामला।

दरसल असम की टीम ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बैटिंग करने का न्यौता दिया जिसका काफी अफ़सोस असम टीम को हुआ क्यों कि मुंबई की तरफ से बैटिंग करने उतरे पृथ्वी शॉ ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से पहले ही दिन दोहरा शतक जड़ दिया था। शॉ यहीं नहीं रुके उन्होंने दूसरे दिन यानी आज भी अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी से तिहरे शतक को अंजाम दिया और अपने शानदार खेल से सभी का दिल भी जीत लिया। पृथ्वी ने 383 गेंदों पर 379 रनों की लाजवाब पारी खेली जिसमें 49 बेहतरीन चौके और 4 गगनचुम्बी छक्के शामिल थे।

पृथ्वी ने अपने 379 रनों के विराट स्कोर के बदौलत कई दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। अपनी इस पारी के बाद वो रणजी ट्रॉफी के इतिहास में सर्वाधिक स्कोर बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। क्यों कि रणजी ट्रॉफी में पहले नंबर पर अभी भी बीबी निंबलकर का नाम है उन्होंने ये तूफानी पारी 1948 में काठियावाड़ के खिलाफ खेली थी। पृथ्वी के 379 रनों ने संजय मांजरेकर के 377 रन, चेतेश्वर पुजारा के 352 रन और सुनील गावस्कर के 340 रनों को पीछे छोड़ दिया है।

इस छोटे कद के खिलाड़ी को जिसने भी हल्के में लेने की कोशिश की उसे भारी नुक्सान का सामना करना पड़ा। शॉ ने इंडिया के लिए भी महज़ 5 टेस्ट मैचों में 339 रन बनाये हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है। खैर अब ये देखना है कि पृथ्वी के इस शानदार प्रदर्शन के बाद भी उन्हें टीम इंडिया में शामिल किया जाएगा या नहीं या इस उभरते हुए सितारे के हुनर को फिर से नज़रअंदाज़ कर दिया जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here