यशस्वी जायसवाल ने पहले दिन बनाए इतने कीर्तिमान, रोहित शर्मा भी नहीं रहे पीछे

0
22

भारत और इंग्लैंड के बीच धर्मशाला में खेला जा रहे आखिरी टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम पूरी तरह से छाई रही। पहले कुलदीप यादव और अपना 100वां टेस्ट खेल रहे रविचंद्रन अश्विन ने कहर बरपाया। इसके बाद जब भारत की बल्लेबाजी आई तो यशस्वी जायसवाल ने नए नए कीर्तिमानों की झड़ी सी लगा दी। इस बीच रोहित शर्मा भी पीछे नहीं रहे, उन्होंने भी रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया। चलिए जरा जानते हैं कि जायसवाल और रोहित ने पहले दिन कौन कौन से प्रमुख रिकॉर्ड बनाए।

यशस्वी जायसवाल ने इस सीरीज में अब तक 712 रन बना दिए हैं। एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में उन्होंने ​​पूर्व कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। साल 2014 में कोहली ने घर से बाहर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टेस्ट सीरीज में 691 रन बनाए थे। वहीं अपने घर पर इंग्लैंड के खिलाफ 2016 में खेलते हुए उन्होंने 655 रन बनाए थे। अब 712 रन बनाकर जायसवाल उनसे आगे निकल गए हैं। अब केवल सुनील गावस्कर ही उनसे आगे हैं। उन्होंने साल 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 774 रन बनाए थे। वहीं इसके बाद साल 1978 में गावस्कर ने वेस्टइंडीज के ही खिलाफ 732 रन बनाने का काम किया था। अभी जायसवाल के पास इसी मैच की एक और पारी है। इसमें अगर उन्हें बल्लेबाजी का मौका मिला तो वे इस रिकॉर्ड पर निशाना साधकर तोड़ सकते हैं।

जायसवाल ने इस मैच के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए हैं। भारत के लिए 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की संख्या तो बहुत है, लेकिन उन टॉप खिलाड़ियों की लिस्ट में अब वे शुमार हो गए हैं, जिनका औसत सबसे बेहतर है। वे चेतेश्वर पुजारा की बराबरी पर आ गए हैं, वहीं सुनील गावस्कर और मयंक अग्रवाल को पीछे छोड़ दिया है। केवल विनोद कांबली ही उनसे आगे हैं। जब कांबली ने अपने 1000 रन पूरे किए थे, तब उनका औसत 83.33 का था। वहीं चेतेश्वर पुजारा और जायसवाल का औसत 71.43 का है। इसी दौरान सुनील गावस्कर का औसत 62.5 का और मयंक अग्रवाल का 55.56 का रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here